अजमेर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार राजस्थान में एक बड़ी रैली को संबोधित करने अजमेर पहुंचे है। पीएम मोदी ने इसके पहले भारत के इकलौते ब्रह्मा मंदिर में दर्शन कर पूजा अर्चना की है। पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित कर कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा 2014 से पहले देश में क्या स्थिति थी? 2014 से पहले जनता भ्रष्टाचार के विरुद्ध सड़क पर उतरी हुई थी। बड़े-बड़े शहरों में हर दूसरे दिन आतंकी हमले होते थे। कांग्रेस सरकार सीमा पर सड़के बनाने से भी डरती थी। महिलाओं के विरुद्ध अपराध चरम पर थे। प्रधानमंत्री के ऊपर सुपरपावर थी। कांग्रेस सरकार रिमोट कंट्रोल से चलती थी। जनता से वोट लेकर कांग्रेस जनता को ही कोसती थी।
पीएम मोदी ने कहा अजमेर आने से पहले मुझे पुष्कर जाने का अवसर मिला था। हमारे शास्त्रों में भगवान ब्रह्मा को सृष्टि का रचयिता कहा गया है। भगवान ब्रह्मा के आशीर्वाद से भारत में नव निर्माण का युग चल रहा है। भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार केंद्र में 9 साल पूरे कर लिए हैं। ये 9 साल नागरिकों की सेवा, सुशासन और गरीबों के कल्याण के लिए समर्पित रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा आज ही देवी अहिल्या बाई होलकर जी की जन्म जयंती है। राष्ट्र निर्माण के कार्यों के लिए देश के लोगों को कर्तव्य पथ की दिशा दिखाने के लिए देवी अहिल्या जी को देश हमेशा याद रखेगा। मैं देवी अहिल्या बाई होलकर जी को आदरपूर्वक श्रद्धांजलि देता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के सफलतम 9 वर्ष पूर्ण होने पर अजमेर में आयोजित एक जनसभा कार्यक्रम में हिस्सा लिया। पीएम मोदी ने कहा 2014 तक हमारे देश में 18 करोड़ परिवार थे, जिन्हें घर नल से जल नहीं आता था। ना पाईप से पानी पहुंचता है। हमारी सरकार ने पिछले नौ साल में नौ करोड़ लोगों को पाईप के कनेक्शन से जोड़ा है। जब संकट हल करने में, पानी संकट को दूर करने में, कांग्रेस ने कभी आगे बढ़कर काम नहीं किया। कांग्रेस को सिर्फ झूठ बोलना आता है। कांग्रेस ने पेंशन के नाम पर हमारी पूर्व सैनिकों से झूठ बोला। बीजेपी सरकार ने वन रैंक वन पेंशन को लागू किया और पूर्व सैनिकों को एरियर भी दिया। केंद्र ने 18 हजार करोड़ से ज्यादा की राशि एरियर के तौर पर दी। 
ब्रह्मा मंदिर में पूजा अर्चना की
इसके पहले पीएम मोदी ने पुष्कर पहुंचकर ब्रह्मा मंदिर में पूजा अर्चना की। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हेलीकॉप्टर से तीर्थ नगरी पुष्कर पहुंचे। इसके पहले मोदी नई दिल्ली से विशेष विमान से किशनगढ़ हवाई अड्डे पर उतरे और वहां से वह हेलीकॉप्टर के जरिए तीर्थ नगरी पुष्कर पहुंचे। प्रधानमंत्री मोदी ने पुष्कर में ब्रह्मा मंदिर में पूजा अर्चना की।