सतना ।   चित्रकूट में ठूंस-ठूंसकर भरते हुए श्रद्धालुओं को ढोने वाले सवारी आटो चालकों की मनमानी थम नहीं रही है। इससे रोजाना हादसे हो रहे हैं। यह हादसा आज मंगलवार सुबह 6 बजे का है जब सतना रोड में सती अनुसुईया मोड़ के पास गुप्त गोदावरी जाते वक्त एक सवारी आटो अनियंत्रित हो कर पलट गया। इस हादसे में आटो में सवार 15 लोग घायल हो गए। आटो में सभी को चोट आई है। हादसे में 2 श्रद्धालुओं को ज्यादा चोट आई है। सभी घायल यात्री महराज गंज उत्तर प्रदेश के बताये जा रहे हैं, जो चित्रकूट दर्शन के लोई आये हुए थे। हादसे की खबर पाकर तुरंत चित्रकूट पुलिस मौके पर पहुंची। इसके पूर्व राहगीरों ने घायलों की मदद की। पुलिस के आने के बाद सभी को एम्बुलेंस तथा चित्रकूट थाना पुलिस की सहायता से सदगुरू जानकी कुंड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां सभी का ईलाज जारी है।

पहले भी पलटे हैं कई आटो:

चित्रकूट में ठूंस-ठूंस कर आटो भर लोगों को ले जाते हुए हादसे होना आम बात हो गई है। यहां देश भर से श्रद्धालओं का आना जाना रहता है। जिसका फायदा आटो चालक उठाते हैं। मध्य प्रदेश व उत्तर प्रदेश की सीमा में चित्रकूट के दार्शनिक स्थलों के होने से यहां मध्य प्रदेश व उत्तर प्रदेश के आटो चालकों की धमाचौकड़ी मचती है। बीते पांच माह में लगभग 10 आटो पलटने की घटना चित्रकूट क्षेत्र में हो चुकी है। इसमें तेलांगना से आये श्रद्धालुओं का आटो भी पलटा था जिसमे कई लोग घायल हो गए थे। इसी तरह सतना मार्ग में स्थित बगदरा घाटी में भी आटो पलटा था और कई श्रद्धालु मौत के मुंह मे जाते जाते बचे थे। ये सभी आटो क्षमता से अधिक भरे थे।