राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के लिए बने एक टेंट में आग लगाने की कोशिश की गई। सवाईमाधोपुर के बामनवास में सोमवार देर रात कुछ अज्ञात लोग टेंट में आग लगाने की तैयारी कर रहे थे, इसी दौरान एक कांग्रेस कार्यकर्ता ने पुलिस को सूचना दी।

मीडिया रिपोर्टस के अनुसार सवाईमाधोपुर के बामनवास में सोमवार देर रात 10 से 15 लोग टेंट में गोवंश छोड़कर आग लगाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान एक कांग्रेस कार्यकर्ता ने गोवंश को देखा तो उसे खदेड़ने की कोशिश की। तभी उसने आरोपियों को आग लगाने की साजिश करते हुए सुन लिया। कार्यकर्ता ने तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे। पुलिस ने आरोपियों का पीछा किया और चार बदमाशों को पकड़ लिया।

मामले को लेकर कांग्रेस नेता ज्ञानचंद मीना ने मलारना डूंगर थाने में रिपोर्ट दी। उन्होंने बताया कि सोमवार रात 12 बजे भारत जोड़ो यात्रा के लिए टोंड गांव में खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान कैंप के लिए लगे हुए टेंट में एक कार और चार-पांच बाइक पर 10 से 15 लोग आए। उन्होंने ध्यान भटकाने के लिए गोवंश छोड़ दी। जब कार्यकर्ता गोवंश भगाने गए तो एक कार्यकर्ता ने बदमाशों की बातें सुन ली।

बता दें कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कोटा में एक युवक ने आत्मदाह का प्रयास किया था। उसके बाद से ही सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब टेंट में आग लगाने की कोशिश को लेकर कांग्रेस नेताओं ने कार्रवाई की मांग की है। अब पुलिस महकमा भारत जोड़ो यात्रा में और पुख्ता इंतजाम करने में जुट गया है। 

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का मंगलवार को राजस्थान में 9वां दिन है। यात्रा सुबह सवाई माधोपुर में खंडार के जीनापुर से शुरू हुई। 10 बजे यात्रा सूरवाल बाइपास पहुंची। राहुल की यात्रा दुब्बी बनास गांव में विराम लेगी।