मनावर   मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का एक बार फिर अनोखा अंदाज देखने को मिला है। वह मनावर से कांग्रेस विधायक डॉ. हीरालाल अलावा की शादी में जमकर थिरके। हाथ में तीर-कमान थामकर सीएम शिवराज ढोल और मांदल की थाप पर झूमते नजर आए। बता दें कि सीएम शिवराज सिंह धार के मनावर पहुंचे थे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ भी इस शादी में पहुंचे। उन्होंने भी विधायक दूल्हे को आशीर्वाद दिया। विधायक डॉ. हीरालाल अलावा धार जिले के मनावर से कांग्रेस विधायक है। सोमवार को वह परिणय सूत्र में बंध गए। उनकी शादी में कई दिग्गज नेता और उद्योगपति शामिल हुए। उन्होंने नव विवाहित जोड़े को आशीर्वाद और शुभकामनाएं दी। विधायक की शादी आदिवासी रीति-रिवाज से हो रही है। इसमें दिल्ली और भोपाल के कांग्रेस और भाजपा सहित अन्य दल के नेताओं का आने का सिलसिला सुबह से देर रात तक जारी रहा। विधायक डॉ. अलावा की शादी समारोह का आयोजन उनके गृह ग्राम भैसलाई में किया। शाम करीब सवा 4 बजे सीएम चौहान वहां पहुंचे। वह आधे घंटे विधायक के निवास पर रुके। यहां उन्होंने भोजन भी किया। सीएम के साथ मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, पूर्व मंत्री रंजना बघेल, विधायक डॉ. अशोक मर्सकोले, झूमा सोलंकी, चन्द्रभागे किराडे भी पहुंचे।