खंडवा ।   खंडवा जिले के ग्राम डिग्रिस से अचानक लापता हुई आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का शव कुएं में मिलने से सनसनी मच गई। कार्यकर्ता का शव उसके गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर ग्राम कोरगला के पास कुएं में पड़ा मिला। महिला के परिजनों ने उसके पति पर आरोप लगाया कि वह उसे प्रताड़ित करता था। ग्राम डिग्रिस निवासी सपना पति देवेंद्र सेन गांव में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता थी। शुक्रवार को सुबह करीब 9 बजे वह कलेक्टर आफिस के लिए निकली थी। कलेक्ट्रेट में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा ज्ञापन दिया जाना था। लेकिन सपना वहां न जाते हुए रास्ते मे ग्राम कोरगला के पास रुक गई। यहां सड़क किनारे गाड़ी खड़ी करने के बाद वह खेत में चली गई। खेत मे एक कुएं में कूदकर अपनी जान दे दी। पति देवेंद्र ने शाम में उसके लापता होने की सूचना पदमनगर थाने में दे दी थी। इसके बाद से पुलिस उसे तलाशने में लग गई। शनिवार को सुबह सपना का शव कुएं में पड़ा मिला। पदमनगर थाना प्रभारी केडी तिवारी ने बताया कि प्रथमदृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। महिला का सुसाइड नोट मिला है। इसमें अल्सर की बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या करना लिखा है। मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। इधर महिला के परिवार जन भी मौके पर पहुंच गए थे। भाई महेंद्र सेन ने बताया कि बहन सपना को पति देवेंद्र प्रताड़ित करता था। वह उसे परेशान करता था। कुछ दिन पहले ही समझौता कराकर बहन को वापस ससुराल भेजा था। बहन ने सुसाइड नोट नहीं लिखा। वह किसी ने घटना के बाद लाकर रखा है। यह इसलिए क्यों कि रात में बारिश हुई थी। कुएं के पास सुसाइड नोट मिला है। वह गीला नहीं था इससे यह स्पष्ट है कि इसे बाद में लाकर रखा गया।