देशभर में ‘हर घर तिरंगा‘ अभियान की गूंज सुनाई देने लगी है |  घरों-घरों में राष्ट्रध्वज की खूशबू महकने लगी है |  भारत इस साल आजादी की 75वीं सालगिरह मना रहा है |  क्योंकि 15 अगस्त को देश की स्वतंत्रता के 75 साल पूरे हो रहे हैं |  इसी को सेलिब्रेट करने के लिए ‘हर घर तिरंगा’ मुहिम शुरू की गई है | ’हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के घर से हुई है |  शाह ने आज अपने घर से भारत के राष्ट्रध्वज को लहराकर आजादी के अमृत महोत्सव के तहत चलाए जा रहे इस अभियान का औपचारिक रूप से आगाज किया |  उन्होंने अपनी पत्नी सोनल शाह के साथ तिरंगा लहराकर इस मुहिम की शुरुआत की | आजादी के इस अमृत महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने के लिए देशवासियों से 13 अगस्त से 15 अगस्त तक अपने घरों पर तिरंगा लगाने की अपील की गई है |  इस अभियान के तहत 20 करोड़ घरों पर तिरंगा फहराने का टारगेट सरकार ने रखा है |  ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत देश के अलग-अलग हिस्सों में कल तिरंगा यात्राएं निकाली गईं |