जबलपुर ।   भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ता आशीष अहिरवार के घर पहुंचे। आशीष मोर्चा के संभागीय सोशल मीडिया प्रभारी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने अन्य मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ आशीष के घर पर मंगोड़े खाए और चाय पी। आशीष ने बताया, मंगोड़े और चाय उनकी मां ने खुद ही बनाया था, जिसे सभी ने पसंद किया। इस मौके पर आशीष के घर के पांच सदस्य मौजूद रहे। इसके पहले पुलिस ने आशीष के घर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी थी।

कार्यकर्ताओं में भरा जोश, बूथ जीतने के गुर सिखाए

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए बूथ स्तर पर चुनाव जीतने के गुर सिखाए। आज सुबह करीब 11 बजे नड्डा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन मंत्री हितानन्द, श्रीप्रकाश, सांसद राकेश सिंह कार्यक्रम स्थल पहुँचे। जहां कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दीप प्रज्वलन से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। कैंट विधायक अशोक ईश्वरदास रोहाणी ने अयोध्या में निर्माणाधीन श्री राम मंदिर का प्रतीक चिन्ह भेंट किया।

महिलाओं की भागीदारी बढ़ाएं-

नड्डा समेत अन्य वक्ताओं ने संगठन में बूथ स्तर पर महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की बात कही। उन्होंने कहा की कार्यकर्ता लक्ष्य 2023 को लेकर काम करें। बूथ क्रमांक 106 की बूथ समिति के 64 कार्यकर्ताओं से नड्डा ने सीधी चर्चा की।


जगह-जगह लगाए गए थे स्वागत मंच-

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नेता समेत अन्य नेताओं के स्वागत के लिए रांझी में जगह-जगह स्वागत मंच लगाए गए थे। नेताओं के काफिले पर जगह-जगह पुष्प वर्षा की गई। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद पुष्प वर्षा के साथ कन्याओं ने तिलक लगाया। जबलपुर में कल शाम भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आने के बाद राजनीतिक घटनाक्रमों का सिलसिला शुरू हो गया है। एक तरह नड्डा जबलपुर में कार्यकर्ताओं के स्वागत से अभिभूत हुए, वहीं आज उनका यहां अलग-अलग कार्यक्रम है, जहां वे ज्यादा से ज्यादा लोगों से मुलाकात करने की कोशिश कर रहे हैं। चुनावी रणनीतिकार आनंद बर्नाड के सिविल लाइन स्थित घर नड्डा आज सुबह करीब साढ़े 10 बजे पहुंचे। उनके साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहे। यहां पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरिष्ठ नेताओं के साथ आनंद बर्नाड के घर पर चाय नाश्ता किया और संगठन को लेकर चर्चा की। 15 मिनट यहां रुकने के बाद नड्डा अपने काफिले के साथ रांझी पहुंचे। यहां पर वे कार्यकर्ताओं के साथ बूथ समिति की बैठक में हिस्सा लेने पहुंच गए हैं।

इसके पहले बर्नाड के घर पर वरिष्ठ नेताओं का आना शुरू हो गया था और सभी नड्डा के पहुंचने का बेसब्री से इंतजार करते रहे। यहां सबसे पहले भाजपा की ओर से राज्यसभा सदस्य के लिए मनोनीत सुमित्रा बाल्मिकी, भाजपा के वरिष्ठ नेता आनंद बर्नाड से मिलीं। इसके बाद केंद्रीय मंत्री पहलाद पटेल भी पहुंचे इसके बाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पहुंचे। यहां पार्टी कार्यकर्ताओं के आने का सिलसिला शुरू हो चुका है। नड्डा के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रह्लाद पटेल, लोकसभा मुख्य सचेतक सांसद राकेश सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र विधायक अजय विश्नोई भी हैं।