चंडीगढ़ पुलिस की क्राइम ब्रांच का सब-इंस्पेक्टर बनकर धौंस जमाने और लोगों के काम करवाने के नाम पर ठगने वाले को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला निवासी विनोद कुमार के रूप में हुई है। आरोपी से नकली पुलिस वर्दी भी मिली है, जिस पर उसने दो स्टार भी लगाए हुए थे। आरोपी को आज दोपहर लगभग 3 बजे चंडीगढ़ जिला अदालत में पेश किया जाएगा। उसके खिलाफ मलोया थाना पुलिस ने धोखाधड़ी और इंपर्सोनेशन से जुड़ी धारा के तहत केस दर्ज किया है।

आरोपी ने मंडी के ही रहने वाले छवि राम नामक व्यक्ति की टाटा 207 (पिकअप वैन) को चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस में बतौर रिकवरी वैन लगवाने के नाम पर 2 लाख रुपए ठगे। आरोपी ने कहा कि वह 1 लाख रुपए महीना कमा सकता है। आरोपी चंडीगढ़ और आसपास के होटलों में ही रहता था। गुप्त सूचना के आधार पर उसे सेक्टर-38 से पकड़ा गया है।