भोपाल ।   शहर के लालघाटी िस्थत गुफा मंदिर में तीन मई अक्षय तृतीया व भगवान परशुराम जी के जन्मोत्सव पर उनकी 21 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। प्रतिमा का वजन चार टन है। लागत 45 लाख रुपये आई है। भगवान श्री परशुराम प्रतिमा प्रतिष्ठा समारोह समिति ने हिन्दी भवन में बैठक की। इसमें समिति के पदाधिकारी पूर्व महापौर आलोक शर्मा, गिरीश शर्मा, रामबाबू शर्मा ने मीडिया को कार्यक्रम में बताया कि भगवान परशुराम जी की प्राण प्राण-प्रतिष्ठा करके उनका जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। कार्यक्रम में जूनापीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि, गुफा मंदिर के महंत रामप्रवेशदास, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित शहर भर से ब्राह्मण समाज सहित अन्य समाजों के लोग बड़ी संख्या में गणमान्य लोग शामिल होंगे।

अष्ट धातु की प्रतिमा

भगवान परशुराम जी अष्ट धातु की प्रतिमा को मूर्तिकार प्रभात राय ने बनाया है। वर्ष 2020 फरवरी में प्रतिमा को ग्वालियर से भोपाल लाया गया था। कोरोना संक्रमण के कारण धार्मिक, सामाजिक आयोजनों पर प्रतिबंध लगे होने से दो साल तक प्रतिमा का आनावरण नहीं हुआ था। प्रतिदिन पूजन के लिए सोमवार को भगवान परशुराम की पीतल की सवा दो फीट ऊंची प्रतिमा को भी विराजित की जाएगी। मप्र की यह अष्ट धातु की सबसे ऊंची भगवान परशुराम की होगी। तीन मई मंगलवार को सुबह आठ बजे से शोभायात्रा सहित धार्मिक कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे। 5100 महिलाएं कलश लेकर शोभायात्रा में शामिल होंगी। पहले प्रतिमा पर मेटल रंग था। जिसे बदल कर फ्रांस से मंगाए गए सोने के रंग का किया गया है। इससे प्रतिमा की भव्यता देखते ही बन रही है। अनावरण कार्यक्रम में चार हजार महिलाएं कलश यात्रा लेकर गुफा मंदिर अलग-अगल स्थानों से पहुंचेंगी। 1000 ब्राह्मण समाज के युवा शामिल होंगे। 1100 वैदिक ब्राह्मण स्तुति वाचन करेंगे।

निकलेगी शोभा यात्रा

500 युवाओं की टोली आखड़ों के साथ नृत्य करते हुए शोभा यात्रा में शामिल रहेंगे। ब्राह्मण समाज के 20 अलग-अलग संगठनों से जुड़े लोग शामिल होंगे। धार्मिक आयोजन के साथ ही रात आठ बजे गुफा मंदिर प्रांगण में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन भी रखा गया है। इसमें अलीगढ़ से गीतकार डा विष्णु सक्सेना, भोपाल से गीत-गजल गायक डा अनु सपन, ओरछा से सुमित मिश्रा, तेजनारायण बेचैन सहित अन्य कवि कविता पाठ करेंगे।