बांसवाड़ा के नवागांव ग्राम पंचायत के पनियाला गांव में फूड प्वाइजनिंग से 125 लोग बीमार हो गए। मीडिया रिपोर्टस के अनुसार पनियाला गांव में श्राद्ध कार्यक्रम का आयोजन था। खाने में बूंदी चावल और अन्य चीजें बनी थी। इसमें बूंदी खाने से लोगों की तबीयत बिगड़ गई। लोगों को उल्टी और दस्त होने लगे। ऐसे में बड़ी संख्या में लोग जिला अस्पताल पहुंचे।

पहला मरीज शनिवार शाम करीब 7 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके बाद रात तक अस्पताल में मरीज आते रहें। मामले की जानकारी मिलते ही जिला कलेक्टर प्रकाश चंद शर्मा, एसपी राजेश कुमार मीणा और उप जिला प्रमुख डॉक्टर विकास बामनिया ने गांव का दौरा किया और फूड प्वाइजनिंग के शिकार हुए मरीजों के लिए अस्पताल की व्यवस्थाएं कराई। जिला अस्पताल के दो वार्ड खाली करवाए गए। अस्पताल में रात तक मरीज आते रहे।