बिहार के अररिया जिले के रानीगंज में एक मां ने पैसों की खातिर अपनी ही बेटी का सौदा कर डाला। कलयुगी मां ने महज 12 हजार रुपए में अपनी 12 साल की नाबालिग बेटी की शादी उससे तीन गुने उम्र के शख्स से करा दी। लड़की के पिता की गैरमौजूदगी में सोमवार को यह शादी संपन्न करा दी गई। लड़की के पिता को जब इस बात की जानकारी मिली तो उसने पुलिस से इसकी शिकायत की। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दूल्हे समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। घटना रानीगंज थाना क्षेत्र के हांसा गांव की है।

इस शादी की दलाली हांसा गांव का ही जीवन मंडल कर रहा था। उसने गांव के ही गुलटेन मंडल की नाबालिग लड़की की मां से कहा था कि दूल्हा उसकी बेटी को अच्छे से रखेगा। नाबालिग होने की बात पर उसने दूल्हा पक्ष से 12 हजार देकर बात को दबा दिया था। लड़की की शादी बेतिया जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र के अधेड़ रामबाबू यादव के साथ होने वाली थी, लेकिन इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। रानीगंज पुलिस ने गांव पहुंचकर रामबाबू यादव और जीवन मंडल को गिरफ्तार कर लिया।

थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, गुलटेन मंडल ने बताया है कि जीवन मंडल ने गांव के लोगों को पैसा का प्रलोभन देकर ऐसी कई शादी करा चुका है। जीवन एक सप्ताह से मेरे घर पर आकर मेरी नाबालिग बेटी की शादी के लिए दबाव बना रहा था। कम उम्र की बात कही तो बोला कि लड़का वाले से पैसा दिला देंगे। लड़का पैसे वाला है, तुम्हारी बेटी को दिक्क्क्त नहीं होगी। जब गुलटेन मंजल ने इस बात को विरोध किया तो आरोपी ने कहा कि लड़के वालों से पैसा दिला देंगे। इसी बीच सोमवार को जब लड़की का पिता घर में मौजूद नहीं था तो आरोपी लड़के को लेकर पहुंचा और नाबालिग लड़की से उसकी शादी करा दी। सदर एसडीपीओ ने बताया कि उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों के लड़के पैसे का प्रलोभन देकर यहां शादी करने के लिए लड़की ढूंढ़ते रहते हैं। कई बार यह उम्र भी नहीं देखते हैं।